उत्तरवन का शिक्षक दिवस..भाग-1
........ उत्तरवन में आज फिर काफी चहल पहल दिख रही थी। पत्रकार पोपट लाल खबर की तलाश में घूम रहे थे। इस गहमा-गहमी से उनको खबर की गंध आ गयी। जानवर दो-दो चार-चार के झुंड में खड़े नजर आ रहे थे। पुलिस वाले भी जगह-जगह पर दूर दूर तक खड़े थे। जो आने-जाने वाले वाहनों को मुख्य मार्ग से दूसरी तरफ डाइवर्ट कर रहे थे। इन दृश्यों को देखकर पोपट लाल को इतना तो आईडिया हो गया कि आज यहां कुछ स्पेशल है और अच्छी खासी खबर, अखबार के मुख पृष्ठ लायक मिलने की संभावना है। पत्रकार पोपट लाल एक झुंड के समीप गये। उनसे पूछने पर पता चला कि सामने के सरकारी स्कूल में आज शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तरवन के शिक्षा मंत्री पधार रहे हैं। पत्रकार पोपट लाल जी ने स्कूल के अंदर प्रवेश किया तो वहां सारी तैयारियाँ हो चुकी थी। स्कूल के बाहर टैंट लगवाया गया था। परन्तु टैंट लगाने वाले ने टैंट को थोड़ा पीछे लगा दिया था। इस कारण स्कूल की खिड़कियों के टूटे हुए पट्टे और बरामदे में बड़े-बड़े गड्ढे सब का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर रहे थे। एक गड्ढे में तो कल की बारिश का पानी अभी भी जमा था। कुछ छोटे बच्चे उसमें अपनी कागज की नाव को तैरा रहे थे। पोपट...